रायपुर में 7 जुलाई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की संविधान बचाओ रैली होगी। कांग्रेस नेताओं को रैली में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कोरबा में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि देश में संविधान खतरे में है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए बताया कि 10,000 से अधिक स्कूली छात्र और 45,000 से अधिक शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए भगत ने कहा कि खरीफ फसल का समय शुरू हो गया है। किसानों को सरकारी दुकानों में बीज और खाद नहीं मिल रहा है। बाजार में नकली खाद का प्रचलन बढ़ गया है। निजी दुकानों में कालाबाजारी हो रही है। सांसद ज्योत्सना महंत ने कोरबा की परिवहन व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अदानी के कोयला परिवहन के लिए रेल सुविधा उपलब्ध है, लेकिन यात्री गाड़ियों की सुविधा नहीं मिल रही है। पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने पट्टा वितरण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में 10,000 लोगों को पट्टा दिया गया था। अभी 10,000 और लोगों को पट्टा दिया जाना बाकी है।


