7 जोन के लिए क्विक रिस्पांस टीम बनी, जल जमाव की स्थिति को व्यवस्थित करेगी

रांची नगर निगम सभागार में सोमवार को निगम प्रशासक सुशांत गौरव की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें प्रशासक ने नगर निगम के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भारी बारिश से होने वाले नुकसान तथा जल जमाव की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। कहा, 24 घंटे अलर्ट मोड में रहें एवं विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे जल जमाव की समस्या को खत्म करने का प्रयास करें। सभी सहायक प्रशासक के नेतृत्व में सात जोन में बांटकर क्विक रिस्पांस टीम का गठन हो, जिसमें नगर प्रबंधक, सेनिटरी सुपरवाइजर, कनीय अभियंता एवं संबंधित वार्ड सुपरवाइजर रहेंगे। प्रत्येक टीम जल जमाव वाले स्पॉट्स का निरीक्षण कर उसकी स्थिति, संभावना एवं मूल कारणों की विस्तृत जांच करेगी। जल्द कार्रवाई करते हुए जल जमाव की स्थिति को व्यवस्थित करेगी। भविष्य में ऐसी परिस्थिति उत्पन्न ना हो इसके लिए उचित कार्रवाई करेगी। नालियों की बेहतर सफाई के लिए सभी मशीनरी, जेसीबी, सुपर सकर मशीन, डिसिल्टिंग मशीन का उपयोग जरूरत के अनुसार करें। अधिक जल जमाव वाले क्षेत्रों में उक्त मशीनों का उपयोग प्राथमिकता से करें। जो नालियों महीनों से बंद पड़ी हैं, उन्हें खोद बेहतर सफाई कर ठीक किया जाए। निगम के कनेक्ट सेंटर में दर्ज शिकायतों का अविलंब कार्रवाई करें। शहरवासी टोल फ्री नंबर 18005701235 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बारिश से नुकसान की रिपोर्ट शीघ्र तैयार करें : उपायुक्त रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सोमवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिले में चल रही विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति, जिले में होने वाले विभिन्न आयोजनों और प्रशासनिक कार्यों को लेकर समीक्षा हुई। जिले में हो रही भारी बारिश से हुए नुकसान, जैसे फसल हानि, मकान क्षति और बुनियादी ढांचे को नुकसान का आकलन करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर मुआवजे के लिए रिपोर्ट तैयार करने और इसे शीघ्र जमा करने को कहा। व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का भी निर्देश दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *