भास्कर न्यूज | गिरिडीह लगातार मौसम में बदलाव से मई में मौसम सुहाना हो गया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। वहीं मौसम विभाग ने 5 और 6 मई को जिले के कई प्रखंडों में मेघ गर्जन के साथ बारिश की भी संभावना जताई गई। िजसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिक मधुकर कुमार ने कहा कि जिले में 6 मई तक अलग-अलग समय में वर्षा हो सकती है। कई प्रखंडों में 7 मई तक आंधी, ओलावृष्टि, वज्रपात और बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन राजस्थान से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश की ओर बढ़ रहा है। इसका असर झारखंड पर पड़ रहा है। यही वजह है कि आए दिन राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो रही है। वहीं जिले के सभी प्रखंडों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी आने से मौसम में ठंडापन आया है। खासकर रात में तापमान में और गिरावट आ रही है। यहां औसत अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड की गई है। जो सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस कम है। बारिश का फसलों पर क्या पड़ेगा असर मौसम वैज्ञानिक मधुकर कुमार ने कहा कि बारिश का पानी फसल लगे खेतों में जमने से गलन और पिलापन रोग होता है। किसान अपने खेतों मे बारिश का पानी जमा न होने दें और मौसम साफ होने पर फसल लगे खेतों में 2% यूरिया प्रति चार लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करें। मई के पहले दो हफ्ते में बारिश की संभावना मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 15 मई तक गर्मी से राहत रहेगी। पहले दो हफ्ते बारिश की संभावना है। वज्रपात और आंधी के भी आसार हैं। इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी। पारा 35-39 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन मौसम शुष्क बना रहेगा। वर्ष तापमान 2020 40.2 2021 38.2 2022 40.4 2023 41.0 2024 42.2 नोट : आंकड़े डिग्री सेल्सियस में हैं।


