मोगा जिले के गांव तखानवध की एक युवती को कतर भेजने के नाम पर एजेंट ने बड़ी ठगी की। एजेंट ने युवती के पासपोर्ट पर फर्जी वीजा लगवाकर मुंबई एयरपोर्ट भेज दिया, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया और 7 दिन तक कारगिल जेल में रखा गया। पीड़ित युवती ने बताया कि वह कतर में नौकरी करना चाहती थी। उसकी जान-पहचान की राज कौर ने बाघा पुराना के एजेंट तरसेम सिंह से मिलवाया। एजेंट ने पासपोर्ट पर वीजा लगवाने के लिए 50 हजार रुपए नकद और 30 हजार रुपए गूगल-पे के जरिए लिए। लेकिन एजेंट ने फर्जी वीजा लगवा दिया, जिसके कारण मुंबई एयरपोर्ट पर युवती को पुलिस ने पकड़ लिया। समाज सेवी बसंत सिंह की मदद से युवती को जेल से छुड़वाया गया। उन्होंने बताया कि पीड़िता के माता-पिता उनके पास मदद के लिए आए थे। अदालत में 30 हजार रुपए जुर्माना भरकर युवती को जमानत पर छुड़वाया गया। मुंबई से वापस लाने में भी डेढ़ लाख रुपए से ज्यादा खर्च हुए। बसंत सिंह ने लोगों को सचेत करते हुए कहा कि विदेश भेजने वाले एजेंटों की पूरी जांच-पड़ताल करने के बाद ही उन पर भरोसा करना चाहिए। इस मामले में युवती को न केवल जेल की सजा झेलनी पड़ी, बल्कि उसके परिवार को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।


