झालावाड़ की मिश्रौली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 45 किलो 266 ग्राम डोडा चूरा जब्त कर पंजाब के चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 7 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में आरपीएस प्रेम कुमार चौधरी के नेतृत्व में चल रहे अभियान के दौरान मिश्रौली थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह को सूचना मिली कि तेलियाखेड़ी गांव के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति झाड़ियों में छिपे हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पजनसिंह (47), जसकरणसिंह (42), मनजीतसिंह (29) और मंगलसिंह (20) शामिल हैं। सभी आरोपी पंजाब के फजीलका जिले के गटियांवाली बोदला के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मध्य प्रदेश से डोडा चूरा लेकर आ रहे थे। जांच अधिकारी रमेशचंद मीणा के अनुसार, तस्कर पकड़े जाने के डर से मुख्य मार्गों के बजाय कच्चे रास्तों का इस्तेमाल करते हैं। इस मामले में भी आरोपी भवानीमंडी से ट्रेन के बजाय वैकल्पिक मार्ग से जाने की फिराक में थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


