झांसी में CBI ने सेंट्रल जीएसटी की डिप्टी कमिश्नर (IRS अफसर) प्रभा भंडारी समेत 3 अफसरों को अरेस्ट कर लिया। ये अफसर 70 लाख रुपए की घूस ले रहे थे। उनके साथ जीएसटी मामलों के अधिवक्ता नरेश कुमार गुप्ता और जय दुर्गा हार्डवेयर का प्रोपराइटर राजू मंगनानी को भी सीबीआई ने गिरफ्तार किया। इस तरह कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। तलाशी में उनके पास से 90 लाख रुपए, भारी मात्रा में सोने की ज्वेलरी और कई प्रॉपर्टी के दस्तावेज बरामद हुए हैं। इस तरह कुल 1.60 करोड़ रुपए कैश जब्त किए गए हैं। CBI सभी को गोपनीय जगह ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई की भनक स्थानीय स्तर पर किसी को नहीं लगने दी गई। बुधवार शाम को जीएसटी अफसरों को कार्रवाई की भनक लग पाई। उसके बाद से जीएसटी अफसरों ने भी अपने मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिए। मामला नवाबाद थाना क्षेत्र का है। 3 तस्वीरें देखिए मंगलवार को झांसी पहुंच गई थी CBI टीम
CBI टीम ने कार्रवाई के लिए मंगलवार को ही झांसी में डेरा डाल दिया था। टीम को मालूम चला था कि जीएसटी छापे (ट्रैप) की कार्रवाई रोकने की एवज में सेंट्रल जीएसटी अफसर लंबे रिश्वत लेने की फिराक में हैं। इसके बाद से ये अफसर सीबीआई के रडार पर थे। छापा मारने से पहले जांच एजेंसी ने जीएसटी के वकील नरेश कुमार गुप्ता से उसके घर में करीब 2 घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद सीबीआई की दो टीमों ने छापा मारा। बीच सड़क पर सीजीएसटी की डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी के साथ दो सुपरिटेंडेंट अनिल तिवारी और अजय कुमार शर्मा को 70 लाख की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के मुताबिक, 8 दिन पहले जय दुर्गा हार्डवेयर में सेंट्रल जीएसटी टीम ने छापा मारा था। उस कार्रवाई को रफा-दफा करन के एवज में 70 लाख रुपए की घूस मांगी गई थी। बरामद माल की कीमत 1.60 करोड़ आंकी गई
इसके बाद कस्टम एंड इनडायरेक्ट टैक्स के कर्मियों के साथ सीबीआई ने जय दुर्गा हार्डवेयर के मालिक राजू मंगतानी और वकील नरेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया। इसके बाद उनके ठिकानों पर छापा मारकर एक करोड़ 60 लाख रुपए और जेवर जब्त किए। तलाशी के दौरान इनके पास से 90 लाख रुपए, कई प्रॉपर्टी के दस्तावेज समेत सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए। बताया गया है कि सुपरिटेंडेंट अनिल तिवारी, सुपरिटेंडेंट अजय शर्मा, वकील नरेश गुप्ता मिलकर जीएसटी चोरी के मामले निपटाते थे। इनके खिलाफ प्राइवेट फर्मों को फायदा पहुंचाने के लिए 1.5 करोड़ रुपए की घूस मांगने का केस दर्ज किया गया है। सीबीआई का कहना है कि सभी आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा। —————— ये खबर भी पढ़ें… स्कूल में बुर्का पहने लड़कों का ‘धुरंधर’ पर डांस, लड़कियां हूटिंग करती रहीं; यूपी पुलिस बोली-एक्शन लेंगे अमरोहा के एक स्कूल में लड़कों ने बुर्का पहनकर ‘धुरंधर’ फिल्म के गाने पर जमकर डांस किया। इसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि 3 लड़के बुर्के में स्टेज पर आते हैं। वो ‘FA9LA’ सॉन्ग पर डांस करने लगते हैं। तभी कुछ और लड़के स्टेज पर चढ़कर उनके साथ नाचने लगते हैं। पढे़ं पूरी खबर…


