700 साल पुराने श्रीदेव जानकी रमन मंदिर का होगा कायाकल्प:दमोह में राय परिवार ने दान पत्र लिखा, जल्द शुरू होगा काम

दमोह शहर के कछियाना मोहल्ला स्थित 700 वर्ष प्राचीन श्री देव जानकी रमन मंदिर शाला का दान संकल्प पत्र राय परिवार ने अजब धाम फतेहपुर के राम अनुग्रह दास ‘छोटे सरकार’ के लिए लिख दिया है। इस पहल के बाद अब इस प्राचीन मंदिर का कायाकल्प होगा और यह संभाग का एक भव्य मंदिर बनकर तैयार होगा। शनिवार शाम आयोजित एक पत्रकार वार्ता में ‘छोटे सरकार’ के शिष्यों ने यह जानकारी दी। वीरू दुबे ने बताया कि श्री देव जानकी रमन मंदिर शाला रामानंद दास जी महाराज की रामानंदी परंपरा से संबंधित था। मंदिर की महत्ताकारी अंतिम समय में सुभाष राय को सौंपी गई थी, जिसके बाद वे इसकी पूरी संपत्ति के मालिक बन गए थे। उनके निधन के बाद मंदिर की संपत्ति अस्त-व्यस्त हो गई थी और मंदिर जर्जर हालत में पहुंच गया था। रामानंदी परंपरा के तहत मंदिर को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से, सुभाष राय की पत्नी सीमा राय, उनके भाई वीरू राय और उनकी पत्नी व नगर पालिका अध्यक्ष मंजू राय ने यह संकल्प लिया। उन्होंने मंदिर की संपूर्ण व्यवस्था रामानंदी परंपरा को सौंपने के लिए दान संकल्प पत्र ‘छोटे सरकार’ के नाम लिखा है। ‘छोटे सरकार’ ने इस अवसर पर कहा कि अब सभी मिलकर यहां एक भव्य मंदिर का निर्माण करेंगे। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में यह भव्य मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा। यहां विराजमान प्रतिमा करीब 400 वर्ष प्राचीन बताई जाती है, जो जिले में अद्वितीय है। यह मंदिर जिले का पहला ऐसा भव्य मंदिर होगा जिसकी सुंदरता देखते ही बनेगी। यहां फिर से रामानंदी परंपरा के तहत पूजा-पाठ होगा और पूरे देश के साधुओं का आना-जाना लगा रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *