नवा रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक होने वाले डीजीपी-आईजीपी कॉन्फ्रेंस शुरू हो गई है। इसमें शामिल होने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत कई वीवीआईपी रायपुर पहुंच चुके हैं। इस दौरान 72 घंटे का हाई अलर्ट घोषित किया गया है। पुराने शहर में थानों के बाहर और मुख्य सड़कों पर बैरिकेड्स लगाकर जांच की जा रही है। सभी को नवा रायपुर में ठहराया गया है, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था तीन लेयर में बनाई गई है। पहली लेयर में एसटीएफ की स्पेशल ऑपरेशन यूनिट को कार्यक्रम स्थल से आधा किलोमीटर पहले तैनात किया गया है, जहां गुजरने वालों को रोककर पूछताछ की जा रही है। बिना अनुमति किसी भी वाहन को वीवीआईपी आवास क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जा रहा। दूसरी लेयर में 250 मीटर की दूरी पर सीआरपीएफ की टीम तैनात है, जो बंगले के आसपास किसी को भी भटकने नहीं दे रही है। तीसरी लेयर में कार्यक्रम स्थल और वीवीआईपी बंगलों के भीतर एसपीजी को तैनात किया गया है। एक किलोमीटर के दायरे में पुलिस बल तैनात है और 24 घंटे पेट्रोलिंग जारी है। मंत्रियों के बंगलों में भी बिना अनुमति प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। वीवीआईपी मूवमेंट पर ट्रैफिक रोका गया
पीएम नरेंद्र मोदी शाम 7:15 बजे रायपुर पहुंचे और सीधे एम-1 के लिए रवाना हुए। उनके मूवमेंट से पहले नवा रायपुर में लगभग 20 मिनट के लिए ट्रैफिक रोक दिया गया। गृहमंत्री अमित शाह के एम-11 से आईआईएम जाने के दौरान भी दोपहर 2:15 बजे ट्रैफिक रोका गया, जो उनके निकलते ही बहाल कर दिया गया। अन्य वीवीआईपी मूवमेंट में भी 20–25 मिनट की अस्थायी रोक लगाई गई, लेकिन किसी मार्ग को स्थायी रूप से बंद नहीं किया गया है। भारी वाहनों की नो-एंट्री
नवा रायपुर में भारी और मालवाहक वाहनों की एंट्री 72 घंटे के लिए बंद कर दी गई है। केवल प्रशासनिक अनुमति या पास वाले वाहनों को छूट है। आईआईएम के मुख्य द्वार से सामान्य प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया गया है। 2000 से ज्यादा जवान तैनात नवा रायपुर में बिना वजह किसी को प्रवेश की अनुमति नहीं है। यहां 2000 से अधिक जवान तैनात हैं। सड़क पर दिखने वाले मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस भेज रही है। IIM में छुट्टी, पास से ही एंट्री कॉन्फ्रेंस के कारण आईआईएम में छुट्टी घोषित कर दी गई है। केवल कार्यक्रम से जुड़े लोग और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी ही पास के आधार पर कैंपस में प्रवेश कर सकते हैं। बिना पास किसी को भी एंट्री नहीं मिल रही है।


