भास्कर न्यूज | बेमेतरा समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत 11 फरवरी को शासकीय नवीन प्राथमिक शाला, वार्ड क्रमांक 21में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों में निहित प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, उन्हें सम्मान देना तथा उनकी क्षमताओं को उचित मंच प्रदान करना रहा। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए कुल 80 दिव्यांग विद्यार्थियों ने भाग लिया। बच्चों की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग श्रेणियों में खेलों का आयोजन किया गया। अस्थि बाधित विद्यार्थियों के लिए 100 मीटर दौड़ एवं कुर्सी दौड़, श्रवण बाधित बच्चों के लिए गोला फेंक तथा 100 मीटर दौड़ आयोजित की गई। दृष्टि बाधित प्रतिभागियों के लिए ध्वनि संकेत के आधार पर 25 मीटर दौड़ एवं मिश्रित मोतियों को अलग करने की प्रतियोगिता कराई गई। वहीं मानसिक दिव्यांग बच्चों के लिए 50 मीटर दौड़ और सॉफ्ट बॉल थ्रो जैसे खेल रखे गए। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला समावेशी शिक्षा प्रभारी रेणुका चौबे, विकासखंड स्तरीय बीआरपी एवं व्यायाम शिक्षकों सहित गेंदराम चतुर्वेदी, जिला मिशन समन्वयक राज कुमार वर्मा, एपीसी खेमराज साहू, प्रोग्रामर नेहिल वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया खेल मैदान में बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास देखने लायक रहा। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने बच्चों का हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर उनका मनोबल बढ़ाया गया।


