80 बच्चों का एडमिशन, पर स्कूल की मान्यता ही नहीं

भास्कर न्यूज| महासमुंद बागबाहरा ब्लाक के भीमखोज (खल्लारी) गांव में संचालित ह्यूमन प्राइड पब्लिक इंग्लिश मीडियम स्कूल बिना मान्यता के संचालित किया जा रहा है। यह स्कूल इस सत्र में शुरू किया गया है। आसपास के करीब 80 बच्चे यहां एडमिशन ले चुके हैं, जिनके भविष्य पर अब संकट स्थिति बन गई है। नेशनल हाइवे-353 किनारे यह स्कूल करीब दो महीने से चल रहा है। स्कूल में नर्सरी से कक्षा पांच तक के बच्चों को प्रवेश दिया गया है। स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को गांव से लाने व पहुंचाने के लिए बाकायदा स्कूल वाहनों की भी व्यवस्था की हुई है। प्रवेश आैर यूनिफार्म सहित कई प्रकार के शुल्क के रूप में बच्चों के पालकों से 10-15 हजार रुपए तक लिए गए हैं। ह्यूमन प्राइड स्कूल की मुख्य शाखा बागबाहरा के लालपुर में है, वहां भी स्कूल संचालित है। इसी की आड़ में संचालक बिना किसी मान्यता या विभाग से पंजीयन कराए बिना भीमखोज में स्कूल चला रहा है। भास्कर ने इसकी जानकारी जब बीईओ को दी, तो फौरन उन्होंने ह्यूमन प्राइड स्कूल पहुंचकर निरीक्षण किया। बीईओ कौशल कुमार वर्मा ने बताया कि नेशनल हाइवे 353 के किनारे भीमखोज में करीब आधा एकड़ से भी कम क्षेत्र में 16 जून से स्कूल का संचालन किया जा रहा है। यहां बच्चों के लिए क्लास रूम या खेल मैदान की समुचित या पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन के डायरेक्टर धनंजय मिश्रा से संपंर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे का कहना है कि उक्त स्कूल से संबंधित जानकारी बीईओ से प्राप्त हुई। बीईओ को इस मामले में आगे की कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *