9 मिनट की फ्री पार्किंग लेन में रोज फंस रहे वाहन, यात्रियों-कर्मियों में हो रही नोकझोंक

रांची का बिरसा मुंडा एयरपोर्ट एक बार फिर पार्किंग अव्यवस्था को लेकर सुर्खियों में है। यहां फ्री पार्किंग को लेकर आए दिन पार्किंग कर्मियों और निजी वाहन चालकों के बीच बहस और नोकझोंक होती रहती है। पिछले कुछ दिनों तक स्थिति शांत थी, लेकिन यात्रियों की संख्या बढ़ते ही एक बार फिर फ्री पार्किंग लेन में झंझट शुरू हो गया है। दिसंबर और जनवरी में इंडिगो संकट और कोहरे के कारण यात्रियों की संख्या में गिरावट आई थी, लेकिन अब हालात सामान्य हो गए हैं। अभी रोज करीब 8 हजार यात्री एयरपोर्ट से आवाजाही कर रहे हैं, जबकि लगभग ढाई से तीन हजार निजी वाहन रोजाना एयरपोर्ट पहुंच रहे हैं। वाहनों की संख्या बढ़ते ही फ्री पार्किंग लेन में अव्यवस्था फिर सामने आने लगी है। यात्रियों और वाहन चालकों का आरोप है कि पार्किंग कर्मी जानबूझकर फ्री पार्किंग लेन में वाहनों को देर तक रोके रखते हैं और लंबी कतार लगवा देते हैं, जिससे नौ मिनट की नि:शुल्क समय-सीमा पूरी हो जाती है और वाहन चालकों को शुल्क देना पड़ता है। कुछ यात्रियों ने पार्किंग पर्ची काटने में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए हैं। वहीं, कई वाहन चालकों का कहना है कि पार्किंग कर्मियों का व्यवहार भी अक्सर अभद्र रहता है, जिससे विवाद की स्थिति बन जाती है। इधर, पार्किंग वालों ने कहा कि कई वाहन चालक पार्किंग शुल्क देना ही नहीं चाहते। बढ़ती यात्री संख्या के बावजूद पार्किंग व्यवस्था में सुधार नहीं होने से यात्रियों और वाहन चालकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। पार्किंग कर्मी बोले… कई वाहन चालक शुल्क नहीं देना चाहते, झंझट करते हैं वाहन पार्किंग कर्मियों का कहना है कि कई वाहन चालक पार्किंग शुल्क देना ही नहीं चाहते, जिस कारण विवाद की स्थिति बनती है। उनका आरोप है कि भुगतान के समय जानबूझकर देरी की जाती है और पैसे निकालने में समय लगाया जाता है, जिससे पीछे खड़ी अन्य गाड़ियों को भी परेशानी होती है और लाइन लंबी हो जाती है। पर्ची पर दर्ज समय के आधार पर ही शुल्क लिया जाता है और किसी के साथ मनमानी नहीं की जाती। पार्किंग चार्ज… निजी वाहन: 9 मिनट तक नि:शुल्क निजी वाहन: 9.01 मिनट से 30 मिनट तक 30 रुपए, 30 से 120 मिनट तक 40 रुपए कॉमर्शियल वाहन: 9.01 मिनट से अधिक होने पर 116 रुपए। प्रीमियम पार्किंग: 30 मिनट तक 75 रुपए, 30 से 120 मिनट तक 80 रुपए, दो घंटे से सात घंटे तक 80 रुपए व हर घंटे 10 रुपए अतिरिक्त और 24 घंटे तक 240 रुपए। सभी शिकायतें सही नहीं, सबको संतुष्ट करना आसान नहीं: डायरेक्टर एयरपोर्ट डायरेक्टर विनोद कुमार का कहना है कि यात्रियों को पूरी तरह संतुष्ट करना आसान नहीं है। यात्रियों की सभी शिकायतें सही हों, ऐसा भी जरूरी नहीं है। हालांकि, कुछ आरोप सही हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि पार्किंग कर्मियों को लगातार निर्देश दिए जाते हैं और पार्किंग से जुड़ी समस्याओं पर बैठकों में भी चर्चा होती है। पार्किंग कर्मी जानबूझकर देरी करते हैं: वाहन मालिक आशीष मंडल ने कहा कि एयरपोर्ट पर नौ मिनट नि:शुल्क पार्किंग का लाभ मिलना असंभव है। एंट्री के समय टर्मिनल के पास इतनी भीड़ रहती है कि यात्रियों को लेने में ही 5 मिनट का समय लग जाता है। विमान के आने के समय फ्री पार्किंग लेन में अत्यधिक भीड़ हो जाती है। आरोप है कि इस दौरान पार्किंग कर्मी भी जानबूझकर देरी करते हैं, जिससे नि:शुल्क समय सीमा पूरी हो जाती है। सृष्टि पांडेय ने कहा कि बाहर से आने वाली गाड़ियों को पार्किंग में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि पार्किंग कर्मी जानबूझकर नौ मिनट की नि:शुल्क समय-सीमा पार करवा देते हैं और लाइन में लगी गाड़ियों को देर से छोड़ा जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *