भास्कर न्यूज | दंतेवाड़ा सातधार से सुकमा के बीच 200 से ज्यादा जगह पर सड़क के गड्ढों को भरा गया है जिससे राहत मिलने की जगह वाहन चालकों की और परेशानी बढ़ गई है। पहले सड़क के गड्ढों को लोग बचाकर वाहन निकालते थे, अब सड़क के पेच बचाकर लोग गाड़ी सड़क में चला रहे हैं। अमानक तरीके से भरे गए गड्ढों को भरने में 92 लाख लोक निर्माण विभाग द्वारा खर्च किए जा रहे हैं, पर गड्ढों को भरने में मापदंड का पालन विभाग के द्वारा नहीं किया जा रहा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सड़क में पेच लगाने पहले सड़क को बराबर से कटिंग करना होता है, पर जिले में सुकमा से दंतेवाड़ा सड़क में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। सड़क से 5 इंच ऊंचे पैच में वाहन सड़क में ठहर नहीं रहे हैं, विभाग के इंजीनियर ने भी माना कि सड़क कई जगह ऊंची हो गई है। वाहन चालक रमेश ने बताया ऊंचे पैच से गाड़ियों के जहां पार्ट्स का नुकसान हो रहा है वहीं सड़क में गाड़ी संतुलित नहीं चल पा रही है जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। बारिश के बाद मरम्मत शुरू बारिश के बाद सड़कों का मरम्मत कार्य शुरू किया गया है, जगदलपुर नेशनल हाइवे और दंतेवाडा-सुकमा सड़क में मरम्मत के नाम पर पूरी सड़क का ब्रेकर में तब्दील हो गई है। किलेपाल से गीदम तक नेशनल हाइवे 63 भी ब्रेकर में बदल गई है जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


