गुमला में कीटनाशक मिली रोटी खाने से एक ही परिवार के 7 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें आनन फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल स्थिति में सुधार है। घटना चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नता पोल टोंगो की है। डॉक्टर की देखरेख में फिलहाल इलाज चल रहा है। परिजनों ने बताया कि शांता खलखो किचन में रोटी बनाने गई थी। रैक पर रखे कीटनाशक को मकई का आटा समझकर आटा में मिलाकर रोटी बनाया और सभी को शुक्रवार की सुबह खिला दिया। इसके कुछ ही देर बाद सभी की तबियत बिगड़ने लगी। सभी को चक्कर आने लगे और उल्टियां होने लगी। बीमार लोगों में अर्पण टोप्पो (16), नीलिमा खलखो (28), एंथोनी खलखो (7), कांता टोप्पो (48), अंकित खलखो (16), एलीना खलखो (8) और एंजेल टोप्पो (8) शामिल है। रोटी बनाने वाली शांता खलखो दार्जिलिंग में नर्स हैं। वो कुछ दिन पहले नया साल के अवसर पर यहां छुट्टी बिताने के लिए रिश्तेदारों के यहां पहुंची थी।


