घर से पांच लाख रुपए चोरी:बेगाणी मोहल्ले में चोरी की बड़ी वारदात, रात में ताले तोड़कर घुसे चोर

बीकानेर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। एक घर से चोर करीब पांच लाख रुपए चोरी कर ले गए, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है, हालांकि अब तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। मामले के अनुसार सिरोही निवासी जितेंद्र कुमार प्रजापत यहां बेगाणी मोहल्ले में किराए के घर में रहते हैं। मंगलवार को जितेंद्र किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। घर पर ताला लगाया हुआ था।वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो घर के कमरों में भी ताले टूटे हुए थे। एक अलमारी में करीब पांच लाख रुपए नगद रखे हुए थे, जो चोर उठाकर ले गया। जितेंद्र ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना भी किया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश कर रही है। बेगाणी मोहल्ले में लोगों के घरों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अब तक कोई पुख्ता सीसीटीवी फुटेज पुलिस को नहीं मिला है, जिसके आधार पर चोर की पहचान हो सके। मामले की जांच कोतवाली थाने के हेड कानिस्टेबल सुरेश कुमार को सौंपी गई है। परिवादी जितेंद्र यहां किराए के मकान में रहता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *