धौलपुर जिले के शाहनपुर गांव में सोमवार को खेत में फसल को पानी देने के विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई। गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित के भाई की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ड्यूटी से लौटकर खेत में पानी दे रहा था युवक शिकायतकर्ता सतीश गुर्जर ने पुलिस को बताया कि उसका भाई हरिओम, जो रेलवे में कार्यरत है, 25 नवंबर 2025 की दोपहर ड्यूटी से घर लौटने के बाद अपने खेत में फसल को पानी दे रहा था। तभी गांव के सोनेराम, रामकिशन उर्फ संतोली, रविंद्र उर्फ रबी और दिलीप पुत्रगण दौलत राम अवैध देशी कट्टा और लाठियां लेकर खेत में आ पहुंचे। आरोपियों ने हरिओम के साथ गाली-गलौज करते हुए पानी के पाइप को फेंकना शुरू कर दिया। जब हरिओम ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी सोनेराम ने जान से मारने की नीयत से हरिओम पर देशी कट्टे से फायर कर दिया। गोली चेहरे को छूती हुई निकली, दांत टूट गए फायरिंग के दौरान गोली हरिओम के मुंह को छूती हुई निकल गई, जिससे उसके दांत टूट गए और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर पास में खेतों में काम कर रहे विजयसिंह और रामसेवक मौके पर पहुंचे। उन्हें आते देख सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। इलाज जारी, पुलिस ने दर्ज किया मामला घायल हरिओम ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल करके घटना की जानकारी दी। इसी दौरान उसका भाई सतीश उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में पुलिस टीम मिल गई। पुलिस ने हरिओम को अस्पताल पहुंचाकर भर्ती करवाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। पुलिस ने सतीश की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।


