कोटा ग्रामीण के निमोदा हरि जी गांव में खेत में काम कर रहे किसान धनराज केवट (45) को अचानक एक जहरीले सांप ने काट लिया। धनराज अपने खेत में गेहूं की फसल में पानी दे रहे थे, तभी फसल के बीच से निकले सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटने के बाद धनराज किसी तरह घर पहुंचे, लेकिन वहां अचानक उनकी हालत बिगड़ने लगी और वे अचेत होकर गिर पड़े। परिजनों ने तुरंत स्थिति समझते हुए उन्हें कोटा के एमबीएस अस्पताल लेकर जाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में धनराज ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई ने बताया कि जैसे ही धनराज घर आए, उन्होंने बताया कि खेत में सांप ने काट लिया था। कुछ ही मिनटों में उनकी तबीयत इतनी खराब हो गई कि वे बोल भी नहीं पाए। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पुलिस भी एमबीएस अस्पताल पहुंची और पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। घटना से गांव में शोक की लहर है।


