झालावाड़ में संविधान दिवस पर जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया। सेवादल जिलाध्यक्ष डॉ. नन्द सिंह राठौड़ ने बताया कि भारत का संविधान 26 नवंबर 1949 को स्वीकार किया गया था, जिसके उपलक्ष्य में यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और समतावादी ढांचे को परिभाषित करने वाला आधारभूत दस्तावेज है, जिस पर प्रत्येक भारतीय को गर्व है। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ओम पाठक ने संविधान की रक्षा को प्रत्येक भारतीय नागरिक का कर्तव्य बताया। उन्होंने कहा कि संविधान भारत का सर्वोच्च कानून है और राहुल गांधी संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जिसमें वे उनके साथ हैं। पूर्व नगर अध्यक्ष नफीस शेख ने मौजूदा सरकार से संविधान के दायरे में रहकर कार्य करने और संविधान में विश्वास कायम रखने का आग्रह किया। इस विचार गोष्ठी में नानूराम गुर्जर, भारत सिंह राठौड़, मनजीत सिंह कुशवाहा, भगवती प्रकाश, सूरज करण नागर सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


