विदिशा के राजा भैया कॉलोनी में एक युवक ने पारिवारिक प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। युवक की पहचान रवि अहिरवार के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन उसे निगरानी में रखा गया है। अस्पताल पहुंचने के बाद रवि अहिरवार ने बयान दिया कि उसका छोटा भाई और उसकी पत्नी उसे लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। रवि ने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन भी उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसके बाद उसने मानसिक तनाव में आकर यह कदम उठाया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल रवि को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे निगरानी में रखा है। डॉक्टरों का कहना है कि उसकी हालत अब स्थिर है, लेकिन गंभीर स्थिति के कारण उसे ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। रवि अहिरवार मजदूरी का काम करता है। उसकी शादी हो चुकी है और उसका एक छोटा बच्चा भी है। आसपास के लोगों के अनुसार, परिवार में लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था और आए दिन झगड़े होते रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने युवक के बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल की जाएगी।


