आईएएस संतोष वर्मा द्वारा ब्राह्मण बेटियों पर की गई टिप्पणी को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्वालियर में सवर्ण समाज ने इस बयान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। बुधवार को सवर्ण समाज ने रूप सिंह स्टेडियम से एसपी ऑफिस तक एक पैदल मार्च निकाला। एडवोकेट अनिल मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग एसपी कार्यालय पहुंचे और आईएएस संतोष वर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि उन्हें आईएएस वर्मा की माफी स्वीकार नहीं है। उनकी मुख्य मांग एफआईआर दर्ज करना और संतोष वर्मा को पद से बर्खास्त करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो भविष्य में इससे भी बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अधिवक्ता भी शामिल हुए। कुछ महिलाएं फरसे लेकर भी मार्च में शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने क्राइम ब्रांच थाने और एसपी ऑफिस का घेराव किया और वहीं धरने पर बैठ गए। एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने सवर्ण समाज से ज्ञापन लिया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को तीन दिन के भीतर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।


