राजगढ़ जिले के सोनखेड़ा कला गांव के शासकीय हाई स्कूल में मंगलवार को संविधान दिवस ‘जागरूकता पर्व’ के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने संविधान से जुड़े सवालों के उत्साह से जवाब दिए, जिससे उनकी समझ और जागरूकता दिखाई दी। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान के इतिहास और महत्व की जानकारी से हुई। छात्रों को बताया गया कि भारत का संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो नागरिकों को अधिकारों के साथ कर्तव्य भी सिखाता है। साथ ही संविधान के निर्माण, लागू होने और संविधान सभा के बारे में सरल तरीके से समझाया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता रही। इसमें धापू, दांगी, उर्मिला, प्रीतम, बनवारी, विश्वराज, आरुषि, पायल और प्रतीक्षा सहित कई छात्रों ने संविधान से जुड़े प्रश्नों के सही उत्तर दिए। बच्चों की जागरूकता देखकर शिक्षकों ने उनकी सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान और लोकतंत्र के प्रति समझ बढ़ाना था। विद्यालय द्वारा किया गया यह आयोजन छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।


