मेवाड़ के कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में बुधवार को भंडार की गिनती का पांचवां राउंड किया गया। इस राउंड में कुल 4 करोड़ 19 लाख 79 हजार रुपए निकले। इसके बाद अब तक की कुल गिनती 40 करोड़ 33 लाख 39 हजार रुपए तक पहुंच गई है। माना जा रहा है कि गुरुवार को आखिरी राउंड की गिनती होगी, जिसमें यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता हैं। सुबह आरती के बाद शुरू हुई गिनती की प्रक्रिया बुधवार सुबह राजभोग आरती के बाद भंडार की गिनती फिर से शुरू की गई। यह प्रक्रिया शाम तक लगातार चली। इस दौरान मंदिर मंडल के अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव, सदस्य पवन तिवारी, मंदिर एवं संपदा प्रभारी भेरू गिरी गोस्वामी, स्टोर प्रभारी मनोहर लाल शर्मा, बालभोग प्रभारी भेरू लाल गुर्जर, सुरक्षा प्रभारी गुलाब सिंह, श्रवण शर्मा और विभिन्न बैंकों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। मंदिर के इतिहास में अब तक सबसे बड़ी प्राप्ति इस बार भंडार से निकली राशि ने मंदिर के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अभी भी कई छोटे नोट, चिल्लर और ऑनलाइन-चेक से प्राप्त दान की गिनती बाकी है। सोने-चांदी का तौल भी अंतिम दिन किया जाएगा। इसलिए कुल राशि और भी बढ़ने की संभावना है। पहले राउंड में मिले बारह करोड़ पैंतीस लाख रुपए इस बार भंडार 19 नवंबर को खोला गया था। इसी दिन पहले राउंड की गिनती की गई। पहले ही राउंड में 12 करोड़ 35 लाख रुपए निकले थे। इसे देखकर साफ अंदाजा हो गया था कि इस साल दान राशि पिछले सालों के मुकाबले काफी ज्यादा रहने वाली है। दूसरे राउंड में मिले आठ करोड़ चौवन लाख रुपए 20 नवंबर को अमावस्या होने के कारण गिनती रोक दी गई। उसके बाद 21 नवंबर को दूसरा राउंड शुरू हुआ। इस राउंड में 8 करोड़ 54 लाख रुपए प्राप्त हुए। यह राशि श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था को दिखाती है। तीसरे राउंड में सात करोड़ आठ लाख अस्सी हजार आए 22 और 23 नवंबर को भीड़ बहुत ज्यादा होने की वजह से गिनती रोक दी गई। सोमवार 24 नवंबर को जब तीसरा राउंड किया गया, तो इसमें 7 करोड़ 8 लाख 80 हजार रुपए निकले। चौथे राउंड में आठ करोड़ पंद्रह लाख की राशि निकली चौथे राउंड की गिनती में 8 करोड़ 15 लाख 80 हजार रुपए मिले। यहीं से यह बिल्कुल पक्का हो गया कि मंदिर की इतिहासिक दान राशि अब नया रिकॉर्ड बनाएगी। मंदिर मंडल के सदस्य पवन तिवारी ने बताया कि श्रद्धालुओं का बढ़ता विश्वास ही इस उपलब्धि की सबसे बड़ी वजह है। पांचवें राउंड के बाद आंकड़ा चालीस करोड़ पार पहुंचा बुधवार को हुए पांचवें राउंड में निकले 4 करोड़ 19 लाख 79 हजार रुपए जोड़ने के बाद कुल राशि 40 करोड़ 33 लाख 39 हजार तक पहुंच गई। यह मंदिर के इतिहास में अब तक की सबसे ज्यादा गिनती है। हालांकि अभी भी कई कट्टों में छोटे नोट और सिक्के गिनने बाकी हैं। ऑनलाइन दान और सोने-चांदी की गिनती अभी बाकी मंदिर में देशभर से भक्त ऑनलाइन, चेक और अन्य माध्यमों से दान भेजते हैं। इन सभी की गिनती अभी नहीं हुई है। इसके अलावा भंडार में जमा सोने-चांदी का वजन भी गुरुवार को किया जाएगा। माना जा रहा है कि आखिरी राउंड में कुल राशि में काफी बढ़ोतरी हो सकती है। गुरुवार को पूरी हो सकती है गणना मंदिर मंडल का कहना है कि गुरुवार को आखिरी राउंड हो सकता है। गिनती पूरी कर ली जाएगी। उसके बाद अंतिम आंकड़ा जारी किया जाएगा। हर साल लाखों श्रद्धालु सांवलियाजी के दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन इस बार भीड़ और आस्था दोनों ने नया रिकॉर्ड बना दिया है।


