जयपुर ITAT में रिश्वत लेकर फैसले कराने वाला गिरोह पकड़ा:ज्यूडिशियल मेंबर की कार से 30 लाख बरामद; CBI ने कई ठिकानों पर मारे छापे

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने जयपुर के आयकर अपील ट्रिब्यूनल (ITAT) में रिश्वत लेकर अपीलों पर फैसला करवाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। सीबीआई ने जयपुर, कोटा समेत कई ठिकानों पर छापेमारी कर दस्तावेजी सबूत बरामद किए हैं। सीबीआई ने आयकर अपील ट्रिब्यूनल के एक ज्यूडिशियल मेंबर, वकील और अपीलकर्ता को गिरफ्तार किया है। ट्रिब्यूनल के ज्यूडिशियल मेंबर की कार से 30 लाख रुपए की नकदी मिली है। सीबीआई को खुफिया सूत्रों से जयपुर के आयकर अपील ट्रिब्यूनल में रिश्वत लेकर अपीलों की सुनवाई और उनमें मनमाने फैसले करने की जानकारी मिली थी। इस खुफिया जानकारी के बाद सीबीआई ने जयपुर सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की। सीबीआई ने आयकर अपील ट्रिब्यूनल के एक वकील, एक ज्यूडिशियल मेंबर, ट्रिब्यूनल के एक सहायक रजिस्ट्रार, एक अपीलकर्ता और एक अफसर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वकील ने अपीलकर्ता से हवाला के जरिए ली 5.50 लाख की रिश्वत
सीबीआई ने कार्रवाई के दौरान आयकर अपील ट्रिब्यूनल के जयपुर के वकील को हवाला नेटवर्क से भेजी गई रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार किया। वकील ने अपीलकर्ता से हवाला के जरिए पैसा भेजने को कहा था। सीबीआई को इसकी खुफिया जानकारी पहले से थी। वकील ने जैसे ही हवाला का पैसा लिया, सीबीआई ने उसे रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। ज्यूडिशियल मेंबर 30 लाख सहित गिरफ्तार, कार में थी रकम
वकील को गिरफ्तार करने के बाद सीबीआई ने ट्रिब्यूनल के ज्यूडिशियल मेंबर को गिरफ्तार किया। उसकी कार से 30 लाख रुपए बरामद किए गए। यह पैसा भी रिश्वत का बताया जा रहा है। अब सीबीआई इस पूरे गिरोह से पूछताछ कर अब तक रिश्वत लेकर करवाए गए फैसलों का ब्योरा जुटाएगी। सीबीआई को छापों में मिली 1 करोड़ से ज्यादा की नकदी
सीबीआई की कई टीमों ने जयपुर, कोटा और अन्य कई ठिकानों पर छापे मारे। छापों में 1 करोड़ रुपए से अधिक की नकदी, लेनदेन का विवरण, संपत्ति के दस्तावेज और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए हैं। अब तक की सीबीआई कार्रवाई में रिश्वत के संगठित गिरोह का संकेत मिला है। सीबीआई की कार्रवाई जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *