अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत अट्ठा मंदिर के पास बुधवार देर रात लगभग 12 बजे रोडवेज बस चालक पर 8 युवकों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस, अखेपुरा थाना पुलिस और चेतक टीम मौके पर पहुंची तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। रोडवेज चालक प्रीतम, जो दिल्ली से होकर अलवर आगार पहुंच रहा था, ने बताया कि जब वह बिजली घर चौराहे के नजदीक पहुंचा तो एक स्कूटी सवार युवक बस के आगे लगातार स्टंट कर रहा था। स्कूटी पर युवक के पीछे दो लड़कियां भी बैठी थीं। कई बार बस बाल-बाल बची। प्रीतम ने स्कूटी सवार को समझाने के लिए बस को साइड में रोककर कहा कि बस के आगे स्टंट न करे, लेकिन युवक नहीं माना। बात बढ़ने पर चालक ने युवक को थप्पड़ मार दिया और इसी बात से नाराज होकर स्कूटी सवार ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में करीब आठ युवक पहुंचे और उन्होंने चालक प्रीतम के साथ जमकर मारपीट की। डंडे और लोहे के कड़े से हमला कर उसे जमीन पर पटक-पटककर पीटा। साथ ही रोडवेज बस के शीशे भी तोड़ दिए। मारपीट के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए। पीड़ित चालक प्रीतम की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। यह बस अलवर आगार से दिल्ली होकर वापस अलवर आ रही थी।


