भास्कर न्यूज | अमृतसर अजनाला कोर्ट के वकील बृज मोहन पर हुए हमले को लेकर थाना अजनाला की ओर से कार्रवाई न करने के विरोध में अमृतसर बार एसोसिएशप के प्रधान प्रदीप सैनी ने शुक्रवार सुबह 11 बजे काम बंद कर हड़ताल किया। इसके अलावा पुलिस के खिलाफ अमृतसर बार एसोसिएशन के बाहर रोड को 4 घंटे तक जाम कर धरना पर्दशन किया। बाद दोपहर 3 बजे पुलिस की ओर से पर्चा दर्ज करने के आश्वासन पर वकीलों ने धरना पर्दशन खत्म किया। प्रधान प्रदीप सैनी ने कहा कि पुलिस जब तक पर्चा दर्ज नहीं करती हड़ताल जारी रहेगी। पीड़ित वकील बृज मोहन ने बताया कि उनकी भाभी कांग्रेस से अजनाला के वार्ड नंबर-7 में पार्षद का चुनाव लड़ रही थी। 21 दिसंबर को वह अपने भाभी के पोलिंग एजेंट बने थे। वह बूथ में बैठे थे, कि अपनी हार को देखते हुए आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सहित वर्कर ने उन्हें धक्का मारकर बाहर निकाला और उनके छाती पर पिस्तौल रखकर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना को लेकर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद अमृतसर बार एसोसिएशन, बाबा बकाला कोर्ट और अजनाला कोर्ट में वकीलों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हड़ताल की। मौके पर एसपी डी हरिंदर सिंह पहुंचे थे, जिन्होंने पर्चा दर्ज करने का आश्वासन दिया है।


