बूंदी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 70 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 13 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने ये सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को विधिवत रूप से सौंप दिए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक बूंदी, राजेंद्र कुमार मीणा (IPS) ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक, साइबर क्राइम राजस्थान, जयपुर द्वारा संचालित विशेष साइबर अभियान के तहत की गई है। अभियान में जिले के सभी पुलिस थानों ने सहयोग करते हुए गुम मोबाइलों का लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया। पुलिस टीमों ने मोबाइल फोन का पता लगाने के लिए कई दिनों तक तकनीकी विश्लेषण किया और CEIR पोर्टल की मदद से इन डिवाइसों को ट्रैक किया। अभियान के दौरान कुल 70 मोबाइल बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके मालिकों को सौंपा गया। एसपी मीणा ने कहा कि जनता अपने गुम या चोरी हुए मोबाइल की रिपोर्ट निकटतम थाने या साइबर थाने में दर्ज कराएं, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। साथ ही उन्होंने बताया कि CEIR पोर्टल के माध्यम से भी स्वयं गुमशुदगी दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है। पुलिस ने ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखने के संकल्प के साथ आम नागरिकों से सतर्क रहने और साइबर जागरूकता बढ़ाने की अपील की है।


