कोटपूतली में सीजन की पहली हल्की मावठ:मौसम में बदलाव से बढ़ी सर्दी, फसलों को मिलेगा फायदा

कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में आज सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। यह इस सीजन की पहली मावठ है। मौसम विभाग ने राजस्थान में आज से मौसम में बदलाव की संभावना जताई है, जिसमें बारिश और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। दिसंबर की शुरुआत से कोल्ड वेव की भी आशंका है। इससे पहले गुरुवार को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखा गया था, जिसके कारण दिन के तापमान में गिरावट आई और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। आज सुबह हुई हल्की मावठ से किसानों के चेहरों पर खुशी देखी गई। किसान रबी सीजन की फसलों जैसे सरसों, गेहूं और चना के लिए पूरी मावठ की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि फसलें अच्छी हो सकें। सहायक कृषि निदेशक डॉ. रामजी लाल यादव ने बताया कि यह हल्की मावठ भी फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी। इससे खेतों में नमी बढ़ेगी और हल्की बूंदें पौधों को पोषण प्रदान करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि थोड़ी तेज बारिश होती है, तो असिंचित क्षेत्रों की फसलों को जीवनदान मिल जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *