बठिंडा में PRTC और पनबस के कच्चे कर्मचारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई कर्मचारियों के प्रस्तावित गेट रैली से पहले की। बस स्टैंड पर शुक्रवार की सुबह से ही भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। PRTC, पनबस कच्चे कर्मचारी यूनियन के नेता जगसीर सिंह भुल्लर ने बताया कि उनकी लंबे समय से कई मांगें लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। कर्मचारी 1000 किलोमीटर बसों के संचालन का भी विरोध कर रहे हैं। गेट रैली निकालने वाले थे कर्मचारी भुल्लर ने कहा कि आज वे गेट रैली निकालने वाले थे, लेकिन पुलिस ने सुबह से ही उनके साथियों को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें अभी तक यह जानकारी नहीं है कि हिरासत में लिए गए कर्मचारियों को कहां ले जाया गया है। भुल्लर ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया, तो आने वाले दिनों में और कड़ा संघर्ष किया जाएगा। दूसरी ओर, एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने इस कार्रवाई पर कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है। एसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


