खंडार के एक सरकारी स्कूल में बच्चियों के साथ छेड़छाड़ मामले में नया अपडेट आया है। शुक्रवार को शिक्षा विभाग ने निदेशक सीताराम जाट ने कार्यवाहक प्रिंसिपल मुकेश कुमार कौशल व्याख्याता फिजिक्स और सीनियर टीचर उर्दू अब्दुल मारूफ नबाजिश को निलंबित किया है। निलम्बन के दौरान दोनों का मुख्यालय बीकानेर रहेगा। यह था पूरा मामला दरअसल, सरकारी स्कूल का कार्यवाहक प्रिंसिपल मुकेश (40) बच्चियों को कमरे में बुलाकर उनकी सोशल मीडिया ID मांगता था। देर रात चैट करने का दबाव बनाता था। इसी स्कूल का टीचर मारूफ (28) भी नंबर बढ़ाने के बहाने स्कूल की बच्चियों को बैड टच करता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक छात्रा ने आवाज उठाई। उसने 13 नवंबर को टीचर के खिलाफ जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित में शिकायत दी। कमेटी ने जांच की तो शिकायत सही मिली। उधर, पेरेंट्स ने स्कूल आकर टीचर की पिटाई भी की थी। वहीं 13 नवंबर को ही जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर 3 प्रिंसिपलों की एक विशेष जांच कमेटी गठित की गई। कमेटी स्कूल में जाकर मामले की जांच की तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। टीम को स्कूल की छात्राओं ने बताया- टीचर के साथ-साथ कार्यवाहक प्रिंसिपल भी उन्हें कमरे में अकेला बुलाता था। सोशल मीडिया आईडी मांगता और रात में वॉट्सऐप मैसेज भेजकर बात करने के लिए दबाव बनाता था। जांच में छात्राओं की शिकायत सही पाए जाने पर ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी ने प्रिंसिपल और टीचर को भी एपीओ कर दिया था। अब मामले में निदेशक शिक्षा विभाग बीकानेर ने दोनों आरोपियों को निलंबित किया है।


