प्रतापगढ़ में 4 किलो 646 ग्राम एमडी जब्त:दो गिरफ्तार, बाइक पर बैग में लेकर जा रहे थे

प्रतापगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 646 ग्राम एमडी (मेथम्फेटामाइन) जब्त की है। धोलापानी थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त एमडी की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपए बताई जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी रामेश्वरलाल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कार्यवाहक थानाधिकारी नारायण लाल के नेतृत्व में धोलापानी पुलिस टीम ने 28 नवंबर 2025 को थाने के पास स्पीड ब्रेकर पर नाकाबंदी की थी। नाकाबंदी के दौरान एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस को उनके पीछे लटके बैग में अवैध वस्तु होने का संदेह हुआ। पूछताछ करने पर चालक ने अपनी पहचान जतीन (22) पुत्र कैलाश मालवीय और पीछे बैठे व्यक्ति ने जितेंद्र (27) पुत्र रतनलाल मालवीय के रूप में बताई। दोनों मानपुरा, थाना कोतवाली प्रतापगढ़ के निवासी हैं। जब दोनों व्यक्तियों से उनके बैगों के बारे में पूछा गया तो वे घबरा गए और संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस ने उनके बैगों की तलाशी ली, जिसमें कुल 4 किलो 646 ग्राम एमडी बरामद हुई। पुलिस ने एमडी के साथ ही परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। दोनों आरोपियों, जतीन मालवीय और जितेंद्र मालवीय को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *