राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने प्रो. मदन मोहन झा को जगद्गुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय जयपुर का कुलगुरु (VC) नियुक्त किया है। राज्यपाल ने झा को वीसी नियुक्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। झा की वीसी पद पर नियुक्ति तीन साल के लिए की गई है। प्रो. एमएम झा सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी दिल्ली में प्रोफेसर और डीन रहे हैं। प्रो. झा ने संस्कृत को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए कई नए प्रयोग किए। प्रो. झा ने सोशल मीडिया पर संस्कृत के प्रचार-प्रसार के लिए नए तरीके अपनाए। सेंट्रल यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स से सरल संस्कृत में रीलें बनवाईं और उन्हें अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड किया। इसका अच्छा रिस्पोंस मिला। संस्कृत को आसानी से समझाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा
संस्कृत को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रो. झा ने सोशल मीडिया का भरपूर इस्तेमाल किया। सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट के साथ झा खुद भी सोशल मीडिया पर संस्कृत को प्रमोट करने वाला कंटेंट लगातार अपलोड करते रहते हैं। इसके अलावा घर-घर संस्कृत और हर घर गीता का ज्ञान अभियान के तहत इंटरनेशनल गीता ओलंपियाड भी करवाते रहे हैं। रोचक तरीके से संस्कृत शब्दों को समझाने के लिए प्रो. झा ने कई वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किए हैं। रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाले शब्दों से लेकर संस्कृत वर्णमाला, वाक्य विन्यास से लेकर संस्कृत की व्याकरण तक को आसानी से समझाने वाला कंटेंट बनाया है।


