भास्कर न्यूज|सरायकेला मंगलम सिटी आदित्यपुर में रहने वाले 300 परिवार का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को बिल्डर पर मनमानी और विभिन्न समस्याओं को लेकर उपायुक्त से मिला। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को दिए गए ज्ञापन में कहा है कि बिल्डर की लापरवाही और गैर कानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जाए। उन्होंने कहा कि बिल्डर मंगलम-बिल्डकॉन मंगलम टू सर्विसेस द्वारा बार-बार अनदेखी के कारण सोसाइटी में अव्यवस्था फैल गई है। बिजली कटौती, बेसमेंट में लगातार जलजमाव, क्लब वह अन्य सुविधाओं से सभी वंचित हैं। परिवार वालों ने कहा है कि अपार्टमेंट रजिस्ट्री के समय बिल्डर द्वारा 50 हजार रुपए क्लब हाउस का उपयोग करने के लिए लिए गए हैं, परंतु क्लब हाउस का उपयोग नहीं करने दिया जा रहा है। इसे बंद रखा गया है। परिवार वाले क्लब हाउस की मांग करने पर अलग से उनसे पैसों की मांग की जा रही है, जो गलत है। उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने विशेष चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि सोसायटी में एक टावर में गंभीर दरार दिखाई दे रही है। यह निम्न गुणवत्ता वाली ईंट व सामग्री के उपयोग का परिणाम है। किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका है।


