भास्कर न्यूज | अमृतसर अजनाला से आप विधायक और पार्टी की चीफ स्पोक्समैन कुलदीप धालीवाल शुक्रवार को लोगों को भला करते करते खुद की इमेज खराब कर बैठे। धालीवाल का काफिला शुक्रवार दोपहर अजनाला के मेन चौक से गुजर रहा था। वहां जाम लगा देखकर वह गाड़ी से उतरकर खुद जाम कंट्रोल करवाने लगे। मगर इस दौरान पुलिस मुलाजिमों की ढीली कार्यप्रणाली को देखकर वह अपने शब्दों को कंट्रोल में न रख पाए। जो कि चीफ स्पोक्समैन होने के नाते उनसे अपेक्षा की जाती है। करीब 2 मिनट तक वह एसएचओ हरचांद सिंह के बारे में अपने सहयोगियों से पूछते रहे। एसएचओ उनके अपने काफिले में ही थी, मगर इसके बावजूद वह काफी देर बाद भी जाम वाली जगह पर नहीं पहुंचे। इससे धालीवाल गुस्सा गए और एसएचओ की गैर-मौजूदगी में उनके बारे में अपशब्द कह डाले। धालीवाल ने कहा कि पता नीं कित्थे मरिया, अग्गे ल्याओ, न अकल, न मौत। इसके कुछ देर बाद एसएचओ मौके पर पहुंच गए। धालीवाल उस समय भी गुस्से में ही नजर आए। अजनाला चौक के छोटा होने के कारण यहां जाम लगना आम है। वहां लोपोके, रमदास और चमियारी गांव के साइड के अलावा अमृतसर से सड़क मिलती है। दुकानदारों ने सड़क पर कब्जे कर रखे हैं जिससे अकसर यहां जाम लगा रहता है। वहीं एसएचओ हरचांद सिंह ने घटना के तुरंत बाद ही अपनी बदली करवा ली। अब वह चाटीविंड पुलिस थाने में तैनात हुए हैं। उनके साथ कुछ और मुलाजिमों भी बदली अजनाला थाने से दूसरी जगह कर दी गई है। बदली के बारे में जब एसएचओ से बात की गई तो उन्होंने कहा कि करीब 10 दिन पहले से बदली के लिए रिक्वेस्ट की हुई थी, जिसे महकमे ने आज परवान चढ़ा दिया। वहीं भाजपा नेता अमरपाल सिंह बोनी ने पूर्व मंत्री कुलदीप धालीवाल की ओर से एसएचओ को अपशब्द बोलने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस दिन रात लोगों के लिए काम करती है और यह नेता अपनी नेतागिरी चमकाने के लिए कुछ भी करने से परहेज नहीं करते हैं। सीएम से अपील है कि धालीवाल पर अब मामला दर्ज करवाएं।


