किलोमीटर स्कीम के विरोध में बसें बंद, यात्री तंग, कर्मचारियों का रोडवेज वर्कशॉप में धरना

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब रोडवेज वर्कशॉप में किलोमीटर स्कीम और तड़कसार सूबा ज्वाइंट सेकेटरी को नजरबंद करने के विरोध में रोडवेज कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। पुलिस ने बस स्टैंड पर बस छोड़कर वर्कशॉप की ओर आ रहे 9 कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और प्रधान केवल सिंह बस की छत पर पेट्रोल की बोतल लेकर चढ़ गए। पुलिस वालों ने वर्कशॉप का गेट बाहर से बंद कर रखा था ताकि कर्मचारी बाहर आकर धरना प्रदर्शन न करें। खबर लिखे जाने तक धरना जारी है। इस दौरान पुलिस के साथ कर्मचारियों की धक्का मुक्की भी हुई। प्रधान केवल सिंह और कर्मचारी तजिंदर सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शन टेंडर खोलने की तारीख के विरोध में किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि सुबह कई वरिष्ठ नेताओं को घरों में ही नजरबंद कर लिया गया, जिससे सभी डिपो बंद करने पड़े। अमृतसर से भी सूबा ज्वाइंट सेक्रेटरी जोध सिंह को शुक्रवार तड़कसार पुलिस ने उन्हें फतेहगढ़ चूड़ियां घर से उठाकर नजरबंद कर लिया। उन्होंने कहा कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण था, लेकिन पुलिस ने उनके कर्मचारियों को हटाने का प्रयास किया, जिससे तनाव और बढ़ गया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनके कर्मचारियों को छोड़ा नहीं गया तो संघर्ष और तेज हो सकता है। यह धरना आगे भी जारी रहेगा। वहीं वर्कशॉप के बाहर 70 से ज्यादा पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। सिटी में पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीएस की 200 बसें चलती हैं। शुक्रवार को धरना प्रदर्शन के कारण 10 फीसदी (20) बसें ही चली। धरने में तकरीबन 400 कर्मचारी शामिल थे। इसके अलावा प्राइवेट बसें चली, लेकिन बस स्टैंड पर लोग परेशान दिखे। सरकारी बसों में मुफ्त सफर करने वाली महिलाओं को किराया देकर प्राइवेट बसों में सफर करना पड़ा। यात्रियों ने कहा कि पंजाब सरकार मांगें पूरी नहीं करती और फिर कर्मचारी बसों को बंद कर देते हैं जिसके कारण आम लोगों को ही परेशानी झेलनी पड़ती है। बसों के न चलने से पूरा बस स्टैंड सवारियों से भरा था। प्राइवेट बसें ओरवलोड जा रही थीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *