भास्कर न्यूज़| लुधियाना दरेसी इलाके में ई-रिक्शा चालक से लूट की कोशिश कर रहे एक लुटेरे को लोगों ने मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना उस समय हुई, जब मेहरबान चुंगी निवासी वरिंदर मांझी रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह न्यू शिवपुरी चौक पहुंचे, अशरफ आलम नामक युवक ने तेजधार हथियार दिखाकर उनसे मोबाइल फोन और ई-रिक्शा छीन लिया। वरिंदर के शोर मचाने पर आसपास के लोग तुरंत एकत्र हो गए और आरोपी को काबू कर लिया। सूचना पर पहुंची दरेसी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बड़ी वारदात टल गई।


