भास्कर संवाददाता | मड़ियादो ग्रामीण अंचलों के स्कूलों के अधिकांश सुविधा घर खंडहर में तब्दील हो चुके हैं, हालत ऐसे हैं कि कही दरवाजे गायब तो किसी की छत या दीवार ही ढह गई है। नतीजतन विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। सबसे अधिक महिला स्टाफ और छात्राओं को क्षतिग्रस्त हुए शौचालय के अभाव में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता है। संकुल केंद्र मड़ियादो अंतर्गत ग्राम पंचायत मलवारा स्थित नरगी प्राथमिक स्कूल का सुविधा घर की दीवार ही ढह गई है। यहां पदस्थ महिला शिक्षक ने बताया स्कूल में सबसे बड़ी समस्या सुविधाघर की है, इसकी मरम्मत का किसी को ख्याल नहीं नतीजतन परेशानी हो रही है।घोघरा ग्राम पंचायत अंतर्गत कारीबरा, भूलखेड़ा व स्वयं घोघरा स्कूल का सुविधाघर भी अनुपयोगी है, जर्जर अवस्था में पहुंच चुके सुविधा घर स्कूल स्टाफ के साथ विद्यार्थियों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। अनेक स्कूलों में पानी की स्थाई उपलब्धता न होने के कारण सुविधा घर बेकार साबित हो रहे हैं। जिनका उदाहरण स्वयं मड़ियादो के बालक स्कूल, मिडिल स्कूल में देखा जा सकता है। इन स्कूलों में सुविधाघर के साथ पानी की टंकियों की भी स्थापना हुई थी, लेकिन टंकियों तक पानी पहुंचने पहल नहीं की गई। नतीजतन पानी के अभाव में सुविधा घर ताले में कैद हो कर रह गए।


