खंडवा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषव गुप्ता ने सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने खंडवा विधानसभा के एक बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, एक अन्य मामले में बीएलओ के सहयोगी का एक महीने का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने खंडवा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 114 के बीएलओ सचिन सावले को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। सावले मूल रूप से शिक्षक हैं। उन पर सर्वे कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप है। जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में सावले का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय खंडवा रहेगा। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी। सहयोगी की कटी एक महीने की सैलरी
इधर, एक अन्य मामले में कलेक्टर ने बीएलओ के सहयोगी का एक महीने का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण खंडवा के स्थायीकर्मी प्रेमनारायण जोशी का एक माह का वेतन काटा गया है। उन पर आरोप है कि एसआईआर सर्वे के दौरान उनके द्वारा लापरवाही बरती गई थी। घर-घर जाकर करना है सत्यापन
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चल रहा है। इसके तहत बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करना है। वे मतदाताओं के निवास पर जाकर उनके नाम, पता, आयु व अन्य विवरणों का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं। इस महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है।


