भोपाल के एयरपोर्ट रोड पर स्थित गुलमोहगर गार्डन के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात 1:30 बजे भीषण हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे खड़ी बोरवेल मशीन से लोडिंग वाहन टकरा गया। हादसे में एक नाबालिग और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दो गंभीर घायलों का हमीदिया अस्पताल में चल रहा है। लोडिंग वाहन को रेस्टोरेंट का संचालक चला रहा था। चारों कचरा फेंक कर आसाराम तिराहा एयरपोर्ट रोड से लालघाटी की तरफ लौट रहे थे। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतक सेटू यादव (25) निवासी ललितपुर और नमन कौशल (15) निवासी ग्राम नेकन जिला विदिशा हमीदिया अस्पताल स्थित कैंटीन में काम करते थे। कैंटीन का संचालन शैलेश गुप्ता (34) पुत्र मुन्नालाल गुप्ता करते हैं। मन्नू रायकवार, सोटू यादव और नमन तीनों शैलेश के कर्मचारी थे। मृतक नमन के बड़े भाई अमन ने बताया कि रात 12 बजे कैंटीन बंद करने के बाद चारों दिन भर का निकला वेस्ट फेंकने के लिए आसाराम तिराहा की ओर गए थे। कचरा फेंक कर लौट रहे थे, तभी गुलमोहर गार्डन के करीब उनका वाहन सड़क किनारे खड़ी बोरवेल मशीन से टकरा गया। अमन का आरोप है कि मशीन रांग साइड खड़ी थी। लोडिंग वाहन को शैलेश गुप्ता चला रहे थे। शनिवार दोपहर पीएम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। तीन महीने पहले ही काम पर आया था नमन नाबालिग नमन कैंटीन में काम करने के लिए तीन महीने पहले ही गांव से आया था। काम के बाद वहीं रहता था। परिवार की आर्थिक हालत खराब होने से वह काम के लिए भोपाल आया था। इसी तरह से मन्नू भी तीन महीने पहले ही काम पर आया था। जबकि सेटू बीते तीन सालों से कैंटीन में चाय बनाने का काम कर रहा था। मन्नू और नमन वहां वेटर थे। तीन साल पहले हुई थी शैलेश की शादी शैलेश की शादी तीन साल पहले ही हुई है। फिलहाल उसकी कोई संतान नहीं है। उसके मां और पिता मुन्नालाल गुप्ता इन दिनों मां की आंखों के ऑपरेशन के लिए चेन्नई में हैं। पुलिस ने पिता को बेटे के एक्सीडेंट की सूचना दे दी है।


