दैनिक भास्कर संस्थापक रमेश चंद्र अग्रवाल का जन्मदिन:हरदा समेत 209 शहरों में प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया, लोगों ने किया रक्तदान

हरदा में दैनिक भास्कर समूह के संस्थापक स्वर्गीय रमेश चंद्र अग्रवाल का 81वां जन्मदिन शनिवार को ‘प्रेरणा दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर हरदा सहित 209 शहरों में दैनिक भास्कर की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कई लोगों ने अपने जीवन में पहली बार रक्तदान किया। सिविल सर्जन डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि दैनिक भास्कर समूह ने स्वर्गीय रमेश चंद्र अग्रवाल के जन्मदिवस को प्रेरणा दिवस के रूप में मनाते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि हरदा जिला अस्पताल में जिले के विभिन्न हिस्सों से रक्तदाताओं ने इस शिविर में भाग लिया। लोगों ने रक्तदान किया
इस अवसर पर दैनिक भास्कर के ब्यूरो चीफ पवन तिवारी ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए आभार पत्र प्रदान किए। रक्तदान शिविर का विधिवत उद्घाटन किया गया, जिसके बाद रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। 30 नवंबर को मनाए जाने वाले प्रेरणा दिवस पर देशभर में आयोजित इन शिविरों से एकत्रित रक्त को सरकारी ब्लड बैंकों को दान किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को तत्काल लाभ मिल सके। रक्तदाताओं ने इस पहल पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि उनका रक्त किसी जरूरतमंद के काम आएगा। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे तुषार सेन ने दैनिक भास्कर समूह के समाज हितैषी कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा, “जब किसी अपने का जीवन खतरे में हो, तब रक्त की महत्ता समझ में आती है। आज हमारा रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में सहायक होगा। रक्त के लिए कभी किसी का जीवन समाप्त न हो, इसकी जिम्मेदारी हम सब पर है।” एक अन्य रक्तदाता आनंद ने कहा कि रक्तदान महादान कहलाता है, क्योंकि यह मुसीबत में किसी के काम आता है और एक अनजान से खून का रिश्ता बना देता है। इस अवसर पर संवाददाता लोकेश जाट, प्रसार प्रमुख पवन गौर, मार्केटिंग विभाग से देवेंद्र राजपूत और भगवान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। देखें रक्तदान शिविर की तस्वीरें

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *