गिरिडीह पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 10 मोबाइल फोन, जिनमें 5 आईफोन शामिल हैं, 14 सिम कार्ड और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। यह कार्रवाई एसपी डॉ. बिमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ साइबर अपराधी पटना से खरीदारी कर स्कॉर्पियो वाहन से गिरिडीह-गांडेय मार्ग होते हुए जामताड़ा की ओर जा रहे हैं। इस सूचना पर साइबर पुलिस उपाधीक्षक आबिद खान के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच साइबर अपराधियों को धर दबोचा। हालांकि, इस दौरान एक आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे आम लोगों के व्हाट्सएप पर ‘RTO Challan.apk’ और ‘RTO E-Challan.apk’ जैसे लिंक भेजकर धोखाधड़ी करते थे। इसके अलावा, वे खुद को बैंक अधिकारी बताकर KYC अपडेट के नाम पर भी ठगी करते थे। ठगी से प्राप्त पैसों का उपयोग वे महंगे मोबाइल फोन और जेवरात खरीदने में करते थे। विभिन्न जिलों में रहकर साइबर अपराध को अंजाम देते थे ये अपराधी बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में रहकर साइबर अपराध को अंजाम देते थे। साइबर थाना गिरिडीह में कांड संख्या 39/2025 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विजय मंडल (21, करमाटांड़ जामताड़ा), अर्जुन मंडल (23, नारायणपुर जामताड़ा), अदित्या राज उर्फ ओम शंकर कुमार (22, बरबीघा शेखपुरा बिहार), गजेन्द्र कुमार (27, बलवापर नालंदा बिहार) और रवि कुमार (24, बलवापर नालंदा बिहार) के रूप में हुई है। फरार आरोपी का नाम निरमल मंडल (रकसकुट्टो, गांडेय गिरिडीह) बताया गया है। इस छापामारी दल में पुलिस साइबर उपाधीक्षक आबिद खान, साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत, गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह, गजेन्द्र कुमार और पुलिस लाइन से प्राप्त सशस्त्र बल शामिल थे।


