शाजापुर जिला अस्पताल के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (MCH) में शनिवार को चाइल्ड वार्ड बनाने के लिए तोड़फोड़ की जा रही है और मलबा हटाया जा रहा है। इस निर्माण के कारण उड़ रही धूल से प्रसूताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही है। परिजन बोले-सांस लेने में तकलीफ हो रही है प्रसूताओं के परिजनों ने इस स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। ग्राम तिलावत गोविंद निवासी भावना भीमावद ने बताया कि पिछले दो दिनों से उनके वार्ड में धूल आ रही है, जिससे सांस लेने में तकलीफ हो रही है। धूल के कारण उन्हें छींक, सर्दी और खांसी जैसी समस्याएं हो रही हैं, जिससे यहां रहना मुश्किल हो गया है। एक अन्य परिजन जय कुंवर ने भी धूल से हो रही परेशानी और बीमार पड़ने की बात कही। 15 महीने पहले सीएम ने किया था लोकापर्ण यह मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र भवन 15 महीने पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथों लोकार्पित किया गया था। अब इसी नवनिर्मित भवन में चाइल्ड वार्ड बनाने के लिए तोड़फोड़ की जा रही है। उड़ती धूल प्रसूताओं और नवजात बच्चों को सीधे तौर पर प्रभावित कर रही है, जबकि उन्हें धूल से पूरी तरह बचाना आवश्यक है। सिविल सर्जन बोले-जल्द दूर की जाएगी समस्या इस मामले में सिविल सर्जन डॉ. बी.एस. मैना ने बताया कि अस्पताल में चाइल्ड वार्ड का निर्माण किया जा रहा है, जिसके लिए तोड़फोड़ की जा रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि निर्माण एजेंसी लोक निर्माण विभाग (PWD) है और वे उनके अधिकारियों से चर्चा कर धूल की समस्या को जल्द दूर करवाएंगे।


