रीवा के गढ़ थाना क्षेत्र से एक खूनी संघर्ष और लूट का मामला सामने आया है। आदतन अपराधियों ने शुक्रवार रात एक युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दरअसल, गढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बांस के निवासी गोलू मिश्रा निजी काम से बाजार गए थे। तभी आलोक चतुर्वेदी, सचिन जायसवाल के साथ लगभग आधा दर्जन भर आदतन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और उन पर हमला बोल दिया। अपराधियों के पास फरसा, डंडे और बंदूक जैसे धारदार हथियार थे, जिनसे उन्होंने युवक की बेरहमी से पिटाई की। हमलावरों ने युवक के पास मौजूद पैसे और कुछ सामान भी छीन लिया और मौके से फरार हो गए। जान बचाने के लिए गोलू मिश्रा पास के एक घर में छिप गए। गंभीर रूप से घायल गोलू को आनन-फानन में सिरमौर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। फिलहाल गोलू की हालत गंभीर बताई जा रही है। गढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इन आदतन अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।


