कोडरमा में जमीनी विवाद, बीएलओ सहित कई घायल:वोटर लिस्ट के दस्तावेज और मोबाइल छीनने का आरोप, थाना में शिकायत

कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र के भोंडो गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना में एक बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) सहित लगभग आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बीएलओ के पति डेगलाल साव ने चंदवारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित बीएलओ सोनी देवी ने बताया कि शुक्रवार शाम वे अपने घर के बाहर बैठे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तुलसी साव, बाबूलाल साव और उनके परिवार के अन्य सदस्य वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो हमलावर उग्र हो गए और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। इस मारपीट में सोनी देवी, उनके पति डेगलाल साव, पुत्र सुजीत साव और भतीजा मिठू साव गंभीर रूप से घायल हो गए। सोनी देवी के अनुसार, हमलावरों ने उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया, जिसमें वोटर से संबंधित महत्वपूर्ण तस्वीरें और अन्य सामग्री मौजूद थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर उनके घर से वोटर लिस्ट और वोटर पुनरीक्षण से जुड़े कई जरूरी दस्तावेज तथा दुकान में रखे नगद रुपए भी लेकर फरार हो गए। घायल अवस्था में सभी चंदवारा थाना पहुंचे, जहां से उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। दूसरी ओर, तुलसी साव और बाबूलाल साव ने सोनी देवी द्वारा लगाए गए आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि वे शाम को भोंडो स्थित अपने घर जा रहे थे, तभी डेगलाल साव, मिठू साव और सुजीत साव ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उन लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बाबूलाल साव ने बीएलओ सोनी देवी के मोबाइल और जरूरी दस्तावेजों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि लड़ाई-झगड़े के दौरान वे चीजें कहीं गिर गई होंगी। उन्होंने बताया कि वे भी चंदवारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाएंगे। इधर, इस पूरे मामले पर चंदवारा थाना प्रभारी धनेश्वर कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। एक पक्ष द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है, मामले की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *