ग्वालियर में एक महिला का पर्स चोरी हो गया। उसमें लगभग 6 लाख रुपए के गहने रखे थे। घटना शुक्रवार शाम रेलवे स्टेशन के बाहर की है। गहनों से भरा पर्स चोरी की सूचना महिला ने पड़ाव थाना पहुंचकर पुलिस को दी। पुलिस ने बिना देर किए मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले तो एक संदेही पर्स लिए नजर आया।
बाद में वह एक लोडिंग में जाता दिखा। लोडिंग पर ‘उत्तर मध्य रेलवे’ लिखा हुआ था। यहीं से पुलिस को क्लू मिला और पुलिस ने ग्वालियर पार्सल विभाग से डिटेल निकालकर लोडिंग चालक को तलाश लिया। जिस पर गहनों से भरा पर्स मिल गया है। पुलिस ने गहने महिला से पहचान कराने के बाद वापस लौटा दिए हैं। भीड़भाड़ में किसी ने चुरा लिया पर्स
टीआई पड़ाव शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि बिरला नगर न्यू कॉलोनी नंबर दो निवासी आरती चौरसिया अपनी छोटी बहन प्रिंसी की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली गई थीं। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश के महोबा में अपने मायके चली गई। शुक्रवार को वह ट्रेन से वापस लौटकर ग्वालियर आई। शादी समारोह में जाने के कारण वह अपना पूरा जेवर लेकर चल रही थीं। गहने उन्होंने अपने पास पर्स में रख लिए थे। जब वह ग्वालियर रेलवे स्टेशन के बाहर ऑटो का इंतजार कर रहा थी, तभी भीड़भाड़ के बीच किसी ने उनका पर्स चुरा लिया। कुछ देर बाद जब नजर पड़ी तो आरती परेशान हो गई। आरती ने पति के साथ पड़ाव थाना पहुंचकर मामले की सूचना दी। शिकायत आते ही पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। जांच की जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक सुदीप राठौर और आरक्षक अंकित शर्मा को सौंपी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि पर्स को एक लोडिंग वहन का चालक लेकर गया है। जिस पर ‘उत्तर मध्य रेलवे’ लिखा हुआ था। CCTV फुटेज से लगा सुराग, चंद घंटों में पकड़ा संदेही
पुलिस ने संदेही की तलाश के लिए CCTV कैमरे खंगाले तो लोडिंग वाहन (UP93-BT5613) का चालक पर्स ले जाते हुए नजर आया है। जानकारी मिली कि वह वाहन रेलवे विभाग में लगा हुआ है। इसे हरीश प्रजापति पिता जानकी प्रसाद प्रजापति निवासी गली नंबर 2 लक्की टेलर के पास चंद्रवदनी नाका चलाता है। उसे थाने बुलाया तो उसने अपने पास पर्स होना स्वीकार किया और महिला का पर्स सौंप दिया। जैसे थे वैसे ही मिले जेवरात
जब पुलिस ने पर्स चेक किया तो उसमें पांच तोला वजनी सोने के आभूषण, 15 हजार रुपए के साथ ही मोबाइल बरामद कर लिया है। पुलिस ने बरामद पर्स को महिला को सौंप दिया है। महिला अपने गहने पाकर काफी खुश नजर आई है। एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि एक महिला का जेवरात से भरा पर्स चोरी हो गया था। जिस पर पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले तो कुछ क्लू मिले। इस क्लू पर काम करते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों में महिला का पर्स वापस बरामद कर लिया है। जिसमें सभी गहने रखे मिले हैं।


