उमरिया में 6 दिसंबर से होगी राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता:कलेक्टर-सीईओ ने ग्राउंड, आवासीय व्यवस्था की जांच की, 33 राज्यों के खिलाड़ी होंगे शामिल

उमरिया में पहली बार 69वीं राष्ट्रीय शालेय फुटबॉल प्रतियोगिता होने वाली है। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 1 दिसंबर को देश के 33 राज्यों से कुल 693 प्रतिभागी उमरिया पहुंचेंगे। शनिवार को इस बड़े आयोजन को देखते हुए कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन, जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी आर.एस. मरावी और अन्य अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। आवासीय परिसर का भी किया निरीक्षण अधिकारियों ने खेल मैदान पहुंचकर प्रतियोगिता स्थल, ग्राउंड की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक संसाधनों की समीक्षा की। इसके साथ ही, आवासीय परिसर का भी निरीक्षण किया गया और जिला शिक्षा अधिकारी से विस्तृत जानकारी ली गई। प्रतियोगिता के लिए बच्चों के साथ अंपायर और स्थानीय कर्मचारियों की तैनाती की जिम्मेदारी भी निर्धारित की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी, जिसके लिए विशेष टीमें तैयार की जा रही हैं। वहीं, चंदिया के खेल ग्राउंड स्टेडियम में भी वैकल्पिक और सह-आयोजन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। यह पहली बार है जब उमरिया में इतने बड़े पैमाने पर 33 राज्यों से खिलाड़ी पहुंचेंगे, जिससे जिले की खेल पहचान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *