धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से देर शाम शहर में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल और अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल का नेतृत्व करते हुए कार्यालय पुलिस अधीक्षक से जगदीश तिराहा, गुलाब बाग, बस स्टैंड, सतर रोड, पुरानी सब्जी मंडी, लाल बाजार और जगन चौराहा होते हुए कोतवाली पुलिस थाना तक मुख्य बाजारों में पैदल गश्त की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और पुलिस व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मुख्य बाजारों में व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने के संबंध में समझाइश दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि व्यापारियों द्वारा स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाए जाते हैं, तो नगर परिषद के साथ मिलकर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाए जाएंगे। एसपी सांगवान ने बताया कि इस पैदल मार्च का मुख्य उद्देश्य शहर में सायंकालीन गश्त व्यवस्था को मजबूत करना, शांति व्यवस्था सुनिश्चित करना, असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना और नागरिकों में सुरक्षा का एहसास कराना है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, वृत्ताधिकारी वृत्त धौलपुर कृष्ण राज जांगिड़, थानाधिकारी कोतवाली हरेन्द्र सिंह, थानाधिकारी निहालगंज अमित शर्मा, यातायात प्रभारी बलविंदर सिंह सहित शहर के सभी थानों का पुलिस जाब्ता उपस्थित रहा।


