दैनिक भास्कर समूह के चेयरमैन स्वर्गीय रमेशचंद्र जी अग्रवाल का 81वां जन्म दिवस शनिवार को प्रेरणा उत्सव के रूप में मनाया। उनकी जनसेवा की सोच को आगे बढ़ाते हुए भास्कर परिवार ने देश के 210 शहरों में 252 रक्तदान शिविर आयोजित किए। इसी क्रम में निमाड़ के चार जिलों में 95 यूनिट रक्तदान हुआ। रक्तदान शिविर चारों जिलों में जिला अस्पतालों की ब्लड बैंक परिसर में हुए। इस दौरान सर्वाधिक रक्तदान खंडवा जिले में 35 यूनिट, बड़वानी में 30 यूनिट और खरगोन-बुरहानपुर में 15-15 यूनिट हुआ। कुल 95 यूनिट ब्लड एकत्र हुआ, जो कि संबंधित ब्लड बैंक को दिया, ताकि आपात स्थिति में जरूरतमंदों को तत्काल सहायता मिल सके। रक्तदान को लेकर शोध बताते हैं कि नियमित रक्तदान करने वालों में खराब कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित रहता है और हार्ट अटैक का खतरा भी जाता है। इधर, प्रेरणा उत्सव के तहत 30 नवंबर को बच्चों के लिए दैनिक भास्कर कार्यालय पर पेंटिंग स्पर्धा आयोजित होगी। साथ ही 1 दिसंबर से वस्त्रदान कार्यक्रम चलेगा।


