झालावाड़ में 9वीं नेशनल हेपकिडो चैंपियनशिप 2025 के लिए राजस्थान स्टेट टीम का चयन ट्रायल संपन्न हो गया है। यह चैंपियनशिप 6 और 7 दिसंबर को चित्तौड़गढ़, राजस्थान में आयोजित की जाएगी। यह चयन ट्रायल वॉरियर्स मार्शल आर्ट्स एकेडमी, आनंद विहार, झालावाड़ में आयोजित किया गया था। इसमें 100 से अधिक खिलाड़ियों का चयन राजस्थान हेपकिडो टीम के लिए किया गया। हेपकिडो डेवलपमेंट एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष कुलदीप अरोड़ा ने बताया कि राजस्थान को पहली बार नेशनल चैंपियनशिप की मेजबानी का अवसर मिल रहा है। उन्होंने इसे राज्य के लिए सम्मान की बात बताया और कहा कि इससे देशभर से आने वाले खिलाड़ियों, कोचों और अतिथियों का स्वागत करने का मौका मिलेगा। चयन ट्रायल का संचालन एसोसिएशन की महासचिव अनीता मालव के निर्देशन में सफलतापूर्वक किया गया। राजस्थान टीम के लिए चित्तौड़गढ़ के मोहित वैष्णव को मुख्य कोच और झालावाड़ के रोहित यादव को प्रबंधक नियुक्त किया गया है। हेपकिडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मास्टर प्रेमजीत सेन, महासचिव मास्टर रजनी चौधरी और रेफरी कमीशन चेयरमैन मास्टर विनोद वत्स ने राजस्थान टीम को चयन के लिए बधाई दी और आगामी चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


