नर्मदापुरम जिले के कालाआखर मिलिट्री प्रूफ रेंज एरिया के जंगल से मवेशियों की तस्करी का मामला सामने आया है। रविवार तड़के 2 बजे ग्रामीणों ने मवेशी भरते हुए एक गाड़ी को रंगे हाथों पकड़ा। ग्रामीणों को देख ड्राइवर समेत 4-5 लोग भाग निकले, जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया। ग्रामीणों ने युवक के हाथ रस्सी से बांधकर उसकी धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। कालाआखर के ग्रामीण योगेंद्र यादव और रामजीलाल यादव ने बताया कि रात 10 बजे एक लोडिंग गाड़ी (MH 30 BD 0619) आबादी जोड़ से प्रूफ रेंज में अंदर घुसी थी। ग्रामीणों को कुछ लोगों के अंदर घुसने की भनक लग गई थी। इसके बाद रात 2 बजे योगेंद्र यादव, रामजीलाल यादव, रामगोविंद, पवन यादव समेत अन्य ग्रामीण एक साथ प्रूफ रेंज में पहुंचे। आरोपी को रस्सी से बांधा, पुलिस को सौंपा
ग्रामीणों को देखते ही मवेशी भर रहे चार-पांच युवक मौके से भाग निकले। हालांकि, एक युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया। उसने अपना नाम संदीप निवासी चांदकिया बताया। आरोपी भाग न सके, इसलिए ग्रामीणों ने उसके हाथ रस्सी से बांध दिए और उसकी धुनाई की। इसके बाद केसला थाने में सूचना देकर उसे पुलिस को सौंप दिया। महाराष्ट्र पासिंग गाड़ी, कत्लखाने भेजने की आशंका
पकड़ी गई गाड़ी महाराष्ट्र पासिंग है। उसमें 5-6 मवेशी क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे गए थे। संभावना है कि मवेशियों को कत्लखाने के लिए महाराष्ट्र भेजा जा रहा था। ग्रामीणों की तत्परता से मवेशियों को बचा लिया गया। साथी का नाम उगला, बैतूल ले जाने की थी तैयारी
पकड़े गए युवक ने अपने साथियों में एक भौंरा निवासी मोहित का नाम बताया है। वह मवेशियों को बैतूल की ओर ले जाने की बात कहता रहा। थाना प्रभारी बोले- पूछताछ जारी है
केसला थाना प्रभारी उमाशंकर यादव ने बताया कि कालाआखर के पास प्रूफ रेंज क्षेत्र आबादी जोड़ से मवेशी से भरी गाड़ी को पकड़ा है। इसमें एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई जारी है।


