डिंडौरी में रविवार को उत्कृष्ट स्कूल मैदान में जैविक हाट बाजार की शुरुआत की गई। जिला प्रशासन ने मध्य प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन और कृषि विभाग के सहयोग से यह पहल शुरू की है। अब हर रविवार नगरवासियों को एक ही स्थान पर ताजा और पूरी तरह जैविक सब्जियां व अन्य उत्पाद मिल सकेंगे। छोटे किसानों को मिलेगा सीधा बाजार जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते अपनी पत्नी के साथ हाट बाजार पहुंचे और वहां से जैविक उत्पाद खरीदे। उन्होंने कहा कि यह पहल छोटे किसानों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी, क्योंकि उन्हें अक्सर अपने उत्पाद बेचने के लिए सही बाजार नहीं मिल पाता। उन्होंने बताया कि अब तक डिंडोरी में रविवार को खासकर जबलपुर और अन्य जिलों से रासायनिक खाद से उगाई गई सब्जियां आती थीं, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित होती हैं। लेकिन अब ग्रामीण किसान जैविक पद्धति से उगाई गई सब्जियां सीधे ग्राहकों तक पहुंचा सकेंगे। शहद, मिलेट्स और स्वदेशी उत्पाद भी उपलब्ध हाट बाजार में सब्जियों के अलावा किसानों और स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार शहद, मिलेट्स और अन्य स्वदेशी उत्पाद भी उपलब्ध होंगे। इससे लोगों को एक ही जगह पर स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए सुरक्षित और ताजे उत्पाद मिल पाएंगे। कलेक्टर बोले- स्वरोजगार और स्थानीय बाजार को बढ़ावा मिलेगा कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि जैविक हाट बाजार का उद्देश्य छोटे किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों को नियमित और सुरक्षित बाजार उपलब्ध कराना है। इससे जिले में उत्पादित सामग्री जिले के लोगों तक आसानी से पहुंच सकेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह रहे उपस्थित शुभारंभ कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष आशा धुर्वे, जिला पंचायत सदस्य हीरा परस्ते, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम भारती मरावी, कृषि उपसंचालक अभिलाषा चौरसिया, नगर परिषद सीएमओ अमित तिवारी सहित कई अधिकारी मौजूद थे।


