सिंगरौली जिले के नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के जयंत क्षेत्र स्थित कोल हैंडलिंग प्लांट (CHP) में गुरुवार दोपहर एक ठेका श्रमिक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चकरिया गांव निवासी अरविंद खैरवार के रूप में हुई है, जो एचडी सिंह कंस्ट्रक्शन कंपनी के लिए वेल्डिंग का काम करता था। दोपहर करीब 12 बजे अरविंद CHP में वेल्डिंग का काम कर रहा था। बताया गया कि वेल्डिंग मशीन को एक जगह से दूसरी जगह ले जाते समय उसमें करंट आ गया, जिसकी चपेट में अरविंद आ गया। वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। उसके सहकर्मियों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही विंध्यनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिलाने के लिए ठेका कंपनी से बात की जाएगी और हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाएगी। इस हादसे के बाद काम के दौरान सुरक्षा उपकरणों की कमी को लेकर मजदूरों में आक्रोश देखा गया। एक मजदूर राधेश्याम ने बताया कि वेल्डिंग जैसे जोखिम भरे कार्यों के लिए अक्सर सुरक्षा किट उपलब्ध नहीं कराई जाती, जिससे ऐसे हादसे होते रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह दुर्घटना सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम है। मजदूरों ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


